✍️सुमित गुप्ता संपर्क न. 8305141062

Jashpur :- छत्तीसगढ़ के बीजेपी सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष यू.डी. मिंज ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने बजट को आम जनता की उम्मीदों से कोसों दूर बताते हुए कहा कि यह बजट न युवाओं को रोजगार देता है, न किसानों को राहत और न ही आदिवासी बहुल जशपुर जिले के विकास की कोई ठोस दिशा दिखाता है।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष यु. डी. मिंज ने कहा कि बजट में युवाओं के लिए किसी भी प्रकार की ठोस भर्ती योजना या नई रोजगार नीति का अभाव है। प्रदेश का युवा वर्ग पहले से बेरोजगारी से जूझ रहा है, ऐसे में सरकार का यह बजट युवाओं की निराशा को और गहरा करता है।

उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से राहत देने के लिए बजट में कोई प्रभावी प्रावधान नहीं किया गया है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों की पूरी तरह अनदेखी की गई है। जशपुर जैसे जिलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सिंचाई और रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों पर सरकार गंभीर नजर नहीं आई।
उन्होंने कहा कि जल-जंगल-जमीन की सुरक्षा के लिए बजट में एक शब्द तक नहीं है, जो आदिवासी समाज के अस्तित्व पर सीधा हमला है।
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए जशपुर को कुछ भी नहीं मिला, सिंचाई योजनाओं में जिले को “ठेंगा” दिखाया गया है, जिससे किसान खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
महिलाओं के लिए भी बजट पूरी तरह शून्य साबित हुआ है—न सुरक्षा, न रोजगार, न सशक्तिकरण की कोई नई योजना।
श्री मिंज ने बजट को “घोषणाओं का बजट” करार देते हुए कहा कि इसमें बड़ी-बड़ी बातें तो हैं, लेकिन क्रियान्वयन का कोई स्पष्ट रोडमैप नहीं है। साथ ही, पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आगे बढ़ाने के प्रति भी सरकार की उदासीनता साफ झलकती है।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में जशपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के सपने को इस बजट ने गहरा आघात पहुंचाया है। न कोई नई योजना, न आधारभूत संरचना के लिए ठोस बजट।
किसानों और मजदूर वर्ग के लिए भी यह बजट निराशाजनक रहा। कृषि आधारित रोजगार, युवाओं को खेती से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई।
अंत में जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार से मांग की कि जनता की वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए बजट में संशोधन किया जाए, ताकि जशपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों को समान विकास का अवसर मिल सके।






